श्रीनगर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.43 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की

 

श्रीनगर, 15 अक्टूबर(हि.स.)। श्रीनगर पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.43 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति ज़ब्त की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई खानयार, पंथा चौक, शालटेंग, सफाकदल, सौरा और अहमद नगर पुलिस थानों द्वारा 'नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस' एक्ट के तहत की गई।

खानयार में 8 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त की गई जिसमें एजाज़ अहमद भट, माजिद अशरफ वानी और शब्बीर अहमद बांगरू के घर तथा आकिब हैदर खान का एक वाहन शामिल है।

पंथा चौक में खानमोह के साकिब बशीर भट (उर्फ सकपाल) का 1.24 करोड़ रुपये का घर ज़ब्त किया गया।

शालटेंग में, पंजिनारा के दानिश अहमद भट का 1.21 करोड़ रुपये का घर ज़ब्त (फ्रीज़) किया गया।

सफाकदल में, फैज़ान फिरदौस खांडे (उर्फ फरज़ान पुज्ज) का 10.15 लाख रुपये का घर ज़ब्त किया गया।

सौरा में लाल बाजार के खालिद नजीर चिलू का 1.18 करोड़ रुपये की कीमत वाला एक घर जब्त किया गया। अहमदनगर में आदिल अहमद पटू के दो घर जिनकी कीमत क्रमश 1 करोड़ रुपये और 80 लाख रुपये है उन्हें फ्रीज कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि ये संपत्तियां नशीले पदार्थों की तस्करी से हुई कमाई से बनाई गई थीं और यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-ई और 68- एफ के तहत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता