अंडर-17 बैडमिंटन में जम्मू और रामबन का शानदार प्रदर्शन

 


कठुआ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में अंडर-17 लड़कियों की अंतर-जिला संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों की खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन पूल ए और पूल बी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाने के लिए दमदार प्रदर्शन किया।

पूल ए में रामबन ने रियासी को 2-0 और कठुआ को 2-1 से हराया, जबकि उधमपुर ने कठुआ और रियासी दोनों टीमों को 2-0 से शिकस्त दी। वहीं कठुआ ने रियासी को 2-0 से पराजित कर जीत दर्ज की। पूल बी में जम्मू की टीम का दबदबा रहा। उसने राजौरी, पुंछ और सांबा को लगातार तीन मुकाबलों में 2-0 से हराया। पुंछ ने सांबा को 2-1 से मात देने के बाद राजौरी को 2-0 से पराजित किया। वहीं सांबा ने राजौरी को 2-0 से हराकर जीत हासिल की।

यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को संभागीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता का समापन 15 अक्टूबर को होगा। अंतिम दिन दो सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल खेला जाएगा जिसमें खिताब के लिए टीमों के बीच कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया