पुलिसकर्मी पर कथित हमले के मामले में समन मिलने के बाद इल्तिजा मुफ्ती कोठीबाग पुलिस स्टेशन पहुंची
श्रीनगर, 07 अगस्त (हि.स.)।
श्रीनगर के एस के पार्क में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर कथित हमले के बाद श्रीनगर पुलिस ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें कोठीबाग पुलिस स्टेशन में जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है जिसके बाद वह पुलिस स्टेशन पहुंची।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और इल्तिजा मुफ्ती के नेतृत्व में 4 अगस्त, 2026 की शाम को एसके पार्क में विरोध प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर रेजिडेंसी रोड को ब्लॉक करके और लाल चौक की ओर बढ़कर पाबंदियों का उल्लंघन करने की कोशिश की जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को दखल देना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त टुकड़ियां मौजूद थीं और उन्होंने बार-बार प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानूनी निर्देशों का पालन करने की अपील की। हालांकि बार-बार अनुरोध के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ने और सुरक्षाकर्मियों को उनके आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करने से रोकने की कोशिश की।
इसके बाद हुई हाथापाई के दौरान पुलिस का आरोप है कि इल्तिजा मुफ्ती ने एक पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की जब वह अपने कानूनी कर्तव्यों का पालन कर रहा था। उन पर अधिकारी को पकड़ने और उसकी बांह पर काटने का भी आरोप है जिससे उन्हें खून बहने वाली चोट आई।
घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें इलाज दिया गया। इसमें घाव का इलाज, टेटनस से बचाव, टीकाकरण और डॉक्टरों द्वारा बताई गई अन्य प्रोटोकॉल-आधारित एहतियाती देखभाल शामिल थी।
अधिकारियों ने बताया कि
एक सरकारी कर्मचारी पर कथित हमले और कानूनी पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए श्रीनगर पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत कोठीबाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 63/2026 दर्ज कर घटना की व्यापक जांच शुरू कर दी है।
चल रही जांच के हिस्से के तौर पर पुलिस ने इल्तिजा मुफ़्ती को 7 अगस्त को कोठीबाग पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए बुलाया है जिसके बाद वह पुलिस स्टेशन पहुंची।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह