सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध ढांचे ध्वस्त

 

कुलगाम, 12 मई (हि.स.)। नशीले पदार्थों के नेटवर्क और अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुलगाम में राजस्व विभाग के साथ मिलकर ड्रिएन दौलताबाद गांव में सर्वे नंबर 197 पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान कुख्यात एनडीपीएस आरोपी जहूर अहमद शेख पुत्र मोहम्मद जमाल शेख निवासी ड्रिएन द्वारा सरकारी जमीन पर निर्मित दो अवैध दुकानों को कानून के अनुसार ध्वस्त कर दिया गया। आरोपी चार एनडीपीएस मामलों में शामिल है जिनमें एफआईआर संख्या 150/2018, एफआईआर संख्या 251/2020, एफआईआर संख्या 87/2020 और एफआईआर संख्या 101/2023 शामिल हैं। उपरोक्त के अलावा वह पांच अन्य स्थानीय/पत्थरबाजी से संबंधित मामलों में भी शामिल है।

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कुलगाम पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के तंत्र को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोहराया कि मादक पदार्थों के तस्करों, आदतन अपराधियों और सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी ने आगे कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के खतरे से बचाना और एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नशामुक्त समाज सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता