पल्ली गांव में नव निर्मित ट्यूबवेल के पास अवैध खनन, सरकारी जमीन से धड़ल्ले से निकाला जा रहा मलबा
कठुआ, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के पल्ली गांव में नव निर्मित ट्यूबवेल के समीप कथित तौर पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित ट्यूबवेल अभी तक चालू भी नहीं हुआ है लेकिन इसके आसपास स्थित सरकारी (स्टेट लैंड) पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से जेसीबी मशीनों से खुदाई कर निर्माण सामग्री निकाली जा रही है और उसे बेचने का आरोप है।
मौके पर हो रही खुदाई और मिट्टी व अन्य सामग्री की ढुलाई के लिए लगाए गए वाहनों को देखकर सरकारी भूमि के दुरुपयोग का मामला गंभीर होता नजर आ रहा है। यदि यह भूमि सरकारी है और खनन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है तो यह सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का मामला बन सकता है। स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर सरकारी भूमि पर इस तरह खुदाई और सामग्री की बिक्री किसकी अनुमति से की जा रही है? क्या संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखी की जा रही है? अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और खनन विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण करते हैं या नहीं।
लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करवाने, अवैध खनन पर रोक लगाने और इसमें संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया