अवैध खनन माफिया के हौसले बुलंद, पुलिस पार्टी पर हमला, एसएसचओ की गाड़ी तोड़ी
कठुआ, 3 नवंबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पार्टी पर कथित तौर पर माइनिंग माफिया ने हमला कर दिया। हमले के दौरान थाना प्रभारी कठुआ के सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस घटना ने जिले में अवैध खनन के कारोबार में सक्रिय तत्वों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर किया है।
जानकारी के अनुसार गंडयाल क्षेत्र से अवैध खनन सामग्री से भरे डंपरों को वैकल्पिक और चोरी-छिपे रास्तों के जरिए पंजाब की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने डंपरों को रोककर कार्रवाई करने का प्रयास किया लेकिन कथित तौर पर माइनिंग माफिया के लोगों ने पुलिस टीम को निशाना बनाया और एसएचओ के सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी एसएचओ कठुआ राजेश्वर सिंह सलाथिया के नेतृत्व में पुलिस ने अवैध रूप से पंजाब ले जाए जा रहे 27 से अधिक डंपरों को जब्त किया था। ये डंपर कथित तौर पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर खनन सामग्री की तस्करी में संलिप्त थे। लगातार पुलिस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में बौखलाहट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पार्टी पर हमला और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने की घटना ने कानून व्यवस्था के साथ-साथ अवैध खनन के इस नेटवर्क पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया