आईजीपी कश्मीर ने की अपराध समीक्षा बैठक, नशा मुक्त भारत अभियान को तेज करने के निर्देश
श्रीनगर, 15 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर जोन के आईजीपी वी के बिर्दी ने बुधवार को पीसीआर कश्मीर में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सभी रेंज डीआईजी, जिला एसएसपी, जेडीपी जोनल पुलिस मुख्यालय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में आईजीपी ने पूरे कश्मीर जोन में अपराध की स्थिति की व्यापक समीक्षा की। इसके बाद जिला एसएसपी ने अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सामान्य अपराध मामलों के निपटारे के साथ-साथ एनडीपीएस, यूएपीए, फरार आरोपियों और अन्य संबंधित मामलों पर विशेष चर्चा की गई। विभिन्न कानूनों के तहत की गई निवारक कार्रवाइयों और लंबित जांच मामलों की भी समीक्षा की गई। आईजीपी कश्मीर ने जिला पुलिस प्रमुखों के प्रयासों की सराहना करते हुए जांच की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खासकर नशीले पदार्थों और आतंकवाद से जुड़े मामलों में मजबूत फॉलो-अप तंत्र विकसित कर सजा की दर बढ़ाना आवश्यक है।
बैठक में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आईजीपी ने एनडीपीएस मामलों में अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने, ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी और युवाओं को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों का जायजा लिया। उन्होंने सभी जिला एसएसपी को निर्देश दिए कि नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई और तेज की जाए। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आईजीपी ने संवेदनशील इलाकों में एरिया डॉमिनेशन बढ़ाने और रात के गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके। बैठक के अंत में आईजीपी कश्मीर ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की शांति और सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अधिकारियों से पारदर्शिता, जवाबदेही और मामलों के त्वरित निपटारे को सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि आम जनता के अधिकारों और सुरक्षा की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया