गट्टू डोर पर रोक नहीं लगी तो पतंगबाजी पर लगे पूर्ण प्रतिबंध: शिवसेना

 


जम्मू, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रतिबंधित गट्टू डोर की कथित अवैध बिक्री और इससे हो रहे हादसों को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा से बड़ा पतंगबाजी का शौक नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की कि यदि गट्टू डोर की अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लगती है तो जम्मू जिले में पतंगबाजी पर अस्थायी पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साहनी ने गट्टू डोर की चपेट में आकर घायल हुए वरिष्ठ पत्रकार उत्तम शर्मा से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गट्टू डोर से दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और बच्चों के घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं जबकि कई पक्षियों की भी मौत हुई है। उन्होंने गट्टू डोर को लोगों और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बताते हुए इसके अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की।

उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों से गट्टू डोर के निर्माण, आपूर्ति, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की। साहनी ने कहा कि इसके लिए पुलिस, प्रशासन और नगर निकायों की संयुक्त टीम बनाकर अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जानी चाहिए तथा दोषियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साहनी ने कहा कि कार्रवाई को केवल मौसमी अभियान तक सीमित रखने के बजाय लगातार निगरानी की जरूरत है ताकि प्रतिबंधित डोर की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस मौके पर महासचिव विकास बख्शी, कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कोहली और महासचिव (संगठन) संजय भट्ट मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा