सुंदरबनी आईटीआई में विकसित भारत पर आईसीओपी कार्यक्रम आयोजित
जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राजौरी जिले के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सुंदरबनी में वीरवार को केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) राजौरी द्वारा एक दिवसीय एकीकृत संचार एवं जनसंपर्क कार्यक्रम (आईसीओपी) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ‘विकसित भारत गारंटी–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम’, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना तथा राष्ट्रीय पशुधन मिशन सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त रामकेश शर्मा ने भारत सरकार की आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन से जुड़ी पहलों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्किल इंडिया, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, सौभाग्य, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड, स्टैंड अप इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया और मुद्रा लोन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
आईटीआई सुंदरबनी के अधीक्षक इंजीनियर राजिंदर सिंह ने कौशल विकास योजना के उद्देश्यों और प्रशिक्षण, प्रमाणन तथा स्वरोजगार सहायता पर जानकारी दी। वहीं भेड़ पालन विभाग के सहायक पशु चिकित्सा सर्जन डॉ. दलवीर सिंह ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन और विभागीय योजनाओं की पात्रता व सब्सिडी प्रावधानों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, चित्रकला प्रतियोगिता, केंद्रीय योजनाओं पर ओपन क्विज, ‘न्यू इंडिया समाचार’ का वितरण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। सीबीसी राजौरी के प्रभारी विजय मट्टू ने स्वागत भाषण दिया जबकि विक्रम चिब ने मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं और अतिथियों को सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा