पर्यावरण संरक्षण के लिए आईसीईएलए का बड़ा अभियान, जिला और ब्लॉक स्तर पर बनेंगी समितियां
जम्मू, 14 जून (हि.स.)। इंडियन काउंसिल फॉर एनवायरो-लीगल एक्शन (आईसीईएलए) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने एक उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित कर केंद्र शासित प्रदेश में बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान आईसीईएलए ने एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए जिला और ब्लॉक स्तर पर समर्पित समितियों के गठन की घोषणा की ताकि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को अधिक संगठित और व्यापक बनाया जा सके।
आईसीईएलए जम्मू-कश्मीर चैप्टर के संयोजक अशोक शर्मा ने बताया कि संगठन पर्यावरणीय क्षरण और पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित करने वाले सभी कारकों के खिलाफ एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए आईसीईएलए हर संभव प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों में सेमिनार, संगोष्ठियां और कार्यशालाएं आयोजित कर युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित की जाएगी। साथ ही पर्यावरणीय क्षरण के लिए जिम्मेदार संरचनात्मक और प्रणालीगत कारणों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
बैठक के अंत में परिषद ने जिला और ब्लॉक स्तर की समितियों के गठन को अंतिम रूप देने तथा आगामी कार्ययोजना तय करने के लिए 17 जून 2026 को अगली वर्चुअल बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया। संगठन ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने और जम्मू-कश्मीर में सतत एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा