पुलवामा में बीमार पशु का मांस बिकने से फैली दहशत

 

जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के परिगाम क्षेत्र में उस समय दहशत फैल गई जब एक बीमार पशु का मांस स्थानीय लोगों को बेचे जाने की खबर सामने आई। घटना के बाद एहतियातन सैकड़ों लोग एंटी-रेबीज टीका लगवाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इलाके में यह अफवाह फैल गई थी कि जिस पशु का मांस बेचा गया, उसे किसी कुत्ते ने काटा था जिसके बाद लोगों में भय का माहौल बन गया।

हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पशु बीमार था लेकिन उसे किसी कुत्ते ने नहीं काटा था। मामले में एफ आई आर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही एहतियात के तौर पर वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया और अब तक सैकड़ों लोगों को एंटी-रेबीज टीका लगाया जा चुका है। डॉक्टरों ने कहा कि मांस पकाकर खाने से संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है, लेकिन सावधानी के तौर पर वैक्सीन दी जा रही है।

डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि यदि किसी को उल्टी, बुखार, जी मिचलाना या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में संपर्क करें। वहीं स्थानीय लोगों ने पशुओं की नियमित जांच और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता