एच एंड पी विभाग के स्टाफ क्वार्टर निर्माण कार्य अंतिम चरण में
जम्मू,, 17 मार्च (हि.स.)।
जम्मू में हॉस्पिटैलिटी एंड प्रोटोकॉल (एच एंड पी) विभाग के कर्मचारियों के लिए बनाए जा रहे स्टाफ क्वार्टर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग की सचिव अवनी लवासा ने सोमवार को कैनाल रोड स्थित सर्किट हाउस के पास निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया।
करीब 3.43 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही यह परियोजना एसएएससीआई योजना के तहत बनाई जा रही है और इसके चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक पूरा होने की संभावना है। लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसमें कर्मचारियों के लिए 12 दो-बेडरूम फ्लैट शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को समय पर और पूरी तरह से पूरा किया जाए। इसके बाद आयोजित बैठक में विभागीय पुनर्गठन और मानव संसाधन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई और उन्हें जल्द सुलझाने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता