पलौरा-अखनूर रोड पर हिट एंड रन, पिता-पुत्री घायल
जम्मू,, 12 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू के पलौरा इलाके के पास अखनूर रोड पर 10 अगस्त को एक गंभीर हिट एंड रन हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार गोपाल कृष्ण शर्मा अपनी बेटी एकता शर्मा के साथ स्कूटर पर मुठी स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे तभी पीछे से आ रही एक कार ने उनके स्कूटर को कथित तौर पर टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जीएमसी जम्मू ले जाया गया, जहां से बाद में दोनों को अमृतसर के अमंदीन अस्पताल रेफर किया गया। गोपाल कृष्ण शर्मा को शरीर में तीन जगह फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि उनकी बेटी एकता शर्मा को भी चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
परिवार के अनुसार हादसे में शामिल कार की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि हादसे के करीब तीन दिन बाद भी कथित तौर पर वाहन और उसके चालक का पता नहीं चल पाया है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस और आम लोगों से अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में मदद करें, ताकि आरोपी को कानून के दायरे में लाया जा सके और परिवार को न्याय मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता