खानकाह परिसर में भोजन वितरण पर उनकी हालिया टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया-अंद्राबी
श्रीनगर, 13 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शान अंद्राबी ने कहा कि खानकाह परिसर में भोजन वितरण पर उनकी हालिया टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके बयान का उद्देश्य यह जागरूकता पैदा करना था कि तहरी जैसे पारंपरिक भोजन का वितरण अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जाए।
अंद्राबी ने कहा कि लोग तहरी को खानकाह में ला सकते हैं क्योंकि यह हमारी संस्कृति का अभिन्न है। मेरी टिप्पणी को संदर्भ से बाहर लिया गया है। मैं बस इतना कहना चाहती थी कि हमने तहरी के शेड बनाए हैं जहां लोग इसे वितरित कर सकते हैं।
मीडिया से बात करते हुए दरख्शान अंद्राबी ने कहा कि खानकाह परिसर में भोजन गिराना अनादर का कार्य है। उन्होंने आगे कहा कि खानकाह में अव्यवस्थित तरीके से भोजन वितरण से इन पवित्र स्थलों का परिसर गंदा हो जाता है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमने इन खानकाहों को नया रूप देने में बहुत मेहनत की है। लोगों को यह जागरूक करना हमारा कर्तव्य है कि वे इन पवित्र स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता