राजन गुप्ता ने जम्मू में बढ़े पार्किंग शुल्क को तुरंत कम करने की मांग की
जम्मू,, 15 सितंबर (हि.स.)।
सर्व शक्ति सेना जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष राजन गुप्ता ने जम्मू शहर में हाल ही में बढ़ाए गए पार्किंग शुल्क को तत्काल कम करने की मांग की है। उन्होंने जेडीए के वाइस चेयरमैन से अपील की कि बढ़े हुए शुल्क की समीक्षा कर इसे उचित स्तर पर लाया जाए। राजन गुप्ता ने कहा कि जम्मू का कारोबारी माहौल पहले से ही चुनौतीपूर्ण है और आर्थिक मंदी के बीच पार्किंग शुल्क दोगुने से अधिक बढ़ने से आम लोगों, दुकानदारों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कई पार्किंग जोन घरों और दुकानों वाले इलाकों में बनाए गए हैं जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई ग्राहक 10 रुपये का सामान खरीदने आए और उसे 50 रुपये तक पार्किंग शुल्क देना पड़े तो इससे बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होगी और व्यापारियों को नुकसान होगा। उन्होंने जेडीए प्रशासन से लोगों और व्यापारिक समुदाय की परेशानी को देखते हुए जल्द राहत देने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता