रामबन में हुए हादसे में हाईवे कर्मचारी की मौत, ट्रक कंडक्टर घायल
रामबन, 18 अक्टूबर (हि.स.)। रविवार सुबह रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेरी के पास एक ट्रक की चपेट में आने से राजमार्ग निर्माण कंपनी से जुड़ा एक कर्मचारी मारा गया और ट्रक का कंडक्टर घायल हो गया।
मृतक की पहचान किश्तवाड़ के बोंजवा निवासी शौकत अली के बेटे मोहम्मद आज़म (30) के रूप में हुई है। घायल ट्रक कंडक्टर की पहचान कुपवाड़ा निवासी मोहम्मद शफी के बेटे मोहम्मद इरफान के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार बीती रात हाईवे पर एक ट्रक खराब हो गया था। बताया जा रहा है कि मोहम्मद आज़म उसी खराब वाहन को हटाने में लगे थे तभी एक अन्य ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिसकर्मी और रामबन की 'सिविल क्विक रिस्पॉन्स टीम' के स्वयंसेवक मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल रामबन ले गए जहां डॉक्टरों ने आज़म को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की आगे जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता