अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा, 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी यात्रा -पहले दिन 19,402 श्रद्धालुओं ने करवाया रजिस्ट्रेशन

 


जम्मू, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने गुरूवार को श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें नागरिक प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक चलने वाली 57 दिवसीय यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए किए जा रहे इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में यात्रा मार्गों जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तथा बालटाल और चंदनवाड़ी रूट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए संबंधित विभागों को बुनियादी ढांचा और सेवाएं मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू हो चुका है और पहले ही दिन 19,402 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। प्रथम पूजा 29 जून 2026 को आयोजित होगी।

मुख्य सचिव ने बीआरओ को 15 मई तक सभी ट्रैकों से बर्फ हटाने, पीडब्लूडी को बेस कैंपों के आसपास सड़कों के कार्य और हेलिपैड की मरम्मत जबकि स्वास्थ्य विभाग को 20 जून तक बालटाल और चंदनवाड़ी में 100-बेड अस्पताल स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छता, पेयजल, बिजली, मौसम पूर्वानुमान, संचार व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के बीच समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया