जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिका के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय का सख्ती से पालन करने का दिया निर्देश

 

जम्मू, 23 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिका के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित कार्यालय समय का सख्ती से पालन करने और कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने का निर्देश देते हुए एक परिपत्र जारी किया है।

जारी परिपत्र में कहा गया है कि कुछ अधिकारी देर से आ रहे थे, जल्दी जा रहे थे या पीठासीन अधिकारियों के अदालत में मौजूद रहने के दौरान ही कार्यालय से निकल रहे थे जिससे आधिकारिक कार्यों का सुचारू और समय पर निपटान प्रभावित हो रहा था। इसमें निर्देश दिया गया है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अधिसूचित समय के बाद न आए और न ही उससे पहले जाए और सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति के बिना कोई भी कार्य समय के दौरान अपना कार्यालय न छोड़े।

उच्च न्यायालय ने नियंत्रण अधिकारियों को समय की पाबंदी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है और चेतावनी दी है कि निर्देशों के किसी भी उल्लंघन को गंभीरता से देखा जाएगा और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह