श्रीनगर-बांदीपोरा मार्ग पर दारुल उलूम रहिमिया के पास भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न, पानी और कीचड़ कई आवासीय घरों में घुसा, दो लोग घायल

 

श्रीनगर, 21 मई (हि.स.)। गुरुवार को श्रीनगर-बांदीपोरा मार्ग पर दारुल उलूम रहिमिया के पास भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी और कीचड़ कई आवासीय घरों में घुस गया जिससे दो लोग घायल हो गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

एक अधिकारी ने बताया कि नुसू निवासी गुलाम अहमद डार के पुत्र नजीर अहमद डार और रियाज अहमद डार के दो घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। दो व्यक्तियों मुस्कान और एक नाबालिग को मामूली चोटें आईं।

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को छुट्टी दे दी गई जबकि दूसरे का बांदीपोरा जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि संबंधित विभागों ने समय पर कार्रवाई की होती तो बाढ़ को टाला जा सकता था।

निवासियों ने दावा किया कि उन्होंने घटना से एक दिन पहले नगर समिति और जल निकासी विभाग से संपर्क किया था और इलाके में एक अवरुद्ध नाले और एक लीक हो रहे पीएचई पाइप की शिकायत की थी।

एक स्थानिय निवासी ज़हूर अहमद ने कहा कल हम नगर पालिका कार्यालय और जल एवं परिवहन कार्यालय गए थे और अधिकारियों से हाथ जोड़कर बंद नाले को साफ करने और पानी का रिसाव रोकने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि कार्रवाई करने के बजाय दोनों विभाग एक-दूसरे पर दोषारोपण करते रहे। एक ने कहा कि यह नगर पालिका की गलती है, दूसरे ने कहा कि यह जल एवं परिवहन की जिम्मेदारी है।

निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माणाधीन नाले को जानबूझकर पुराने नाले की तुलना में संकरा कर दिया गया है जिससे पानी ओवरफ्लो हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुराना नाला काफी चौड़ा था। आज तबाही सबके सामने है।

स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल मुआवजे की मांग की। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए मजबूत सुरक्षा दीवार के निर्माण की भी मांग की।

इस बीच तहसीलदार बांदीपोरा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उपायुक्त बांदीपोरा ने बताया कि टीमें तैनात कर दी गई हैं और मरम्मत का काम जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता