इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की सलाह, लक्षण दिखें तो बरतें सावधानी
कठुआ, 03 सितंबर (हि.स.)। इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1) को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। एच1एम1 संक्रमण में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान जैसे सामान्य लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में मितली, उल्टी और दस्त की शिकायत भी हो सकती है।
स्वस्थ वयस्कों में इन्फ्लुएंजा सामान्यतः कुछ समय में स्वयं ठीक होने वाला संक्रमण होता है। लक्षणों के प्रबंधन के साथ पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन, भरपूर आराम और उचित देखभाल से स्वस्थ होने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि यदि लक्षण 5/6 दिनों के भीतर ठीक नहीं होते, लगातार बने रहते हैं या स्थिति बिगड़ती है तो चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। विशेष रूप से अधिक जोखिम वाले आयु वर्ग के लोगों तथा पहले से किसी बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए डॉक्टर या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते उचित चिकित्सा सलाह लें। समय पर पहचान और सावधानी ही स्वस्थ रहने की कुंजी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया