जम्मू में सरकारी बंगलों और नेताओं के बिजली बिल माफ करने के मुद्दे पर पैंथर्स पार्टी का जोरदार प्रदर्शन, हर्ष देव सिंह ने सरकार को घेरा
जम्मू, 05 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में राजनेताओं को सरकारी बंगलों के कथित अनियमित आवंटन और उनके बिजली बिल माफ किए जाने के मुद्दे को लेकर जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री हर्ष देव सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकारी बंगलों के आवंटन और राजनेताओं को दी जा रही सुविधाओं में अनियमितताएं हो रही हैं। इस दौरान हर्ष देव सिंह ने सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए सवाल उठाया कि आखिर किन नियमों के तहत नेताओं को सरकारी बंगले दिए जा रहे हैं और उनके बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं।
उन्होंने सरकार से इन मामलों पर जवाब देने की मांग की। पैंथर्स पार्टी ने सरकारी संपत्तियों के आवंटन और नेताओं को मिलने वाली सुविधाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। हालांकि प्रदर्शन के दौरान लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता