स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा वंदे मातरम अभियान की शुरुआत

 


कठुआ, 09 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन कठुआ ने हर घर तिरंगा, वंदे मातरम अभियान की शुरुआत जीएमसी कठुआ के ऑडिटोरियम हॉल में की। उपायुक्त राजेश शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए लोगों से देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वंदे मातरम, राष्ट्रीय ध्वज संहिता और राष्ट्रगान के महत्व पर प्रस्तुति दी। उपायुक्त ने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ है और आज भी देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद रखने और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज को एकता, संप्रभुता और देश के सम्मान का प्रतीक बताते हुए सभी वर्गों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया