हंदवाड़ा पुलिस ने नशीले पदार्थों से जुड़े पांच संदिग्धों को पकड़ा, प्रतिबंधित सामग्री बरामद

 

हंदवाड़ा, 06 नवंबर(हि.स.)।

नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके सेवन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हंदवाड़ा पुलिस ने तीन अलग-अलग अभियानों में पांच संदिग्धों को पकड़ा है। ये अभियान क्रालगुंड पुलिस स्टेशन और चोगुल पुलिस चौकी द्वारा चलाए गए थे। पुलिस ने इन संदिग्धों के पास से चरस और गांजे जैसे नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि हंदवाड़ा पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। तीन अलग-अलग एनडीपीएस अभियानों में पांच संदिग्धों को पकड़ा गया है और नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने प्रेस बयान में बताया कि क्रालगुंड पुलिस स्टेशन के अंतर्गत खानू बाबागुंड में नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा। इनकी पहचान ताराथपोरा के आबिद हुसैन मीर और खानू के रऊफ मुश्ताक भट के रूप में हुई है। इनके पास से चरस जैसा पदार्थ और चरस पाउडर जैसा पदार्थ बरामद किया गया। इस मामले में क्रालगुंड पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20-29 के तहत प्राथमिकी नंबर 78/2026 दर्ज की गई है।

प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य अभियान में वनिगाम क्रॉसिंग पर बुद्रा बाला के दानिश परवेज पर्रा नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसके पास से भांग (खसखस) जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इस मामले में क्रालगुंड पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्राथमिकी नंबर 79/2026 दर्ज की गई है।

इस बीच पुलिस पोस्ट चोगुल के अधिकार क्षेत्र में आने वाले वटयेन में नाका चेकिंग के दौरान सोपोर से कुपवाड़ा की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर पीबी08सीक्यू--8150) को रोका गया। बिहार के रहने वाले दो व्यक्तियों, मोहम्मद जहांगीर सिद्दीकी और मोहम्मद हसीमुद्दीन को पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान उनके पास से चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ।

प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में हंदवाड़ा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20-29 के तहत प्राथमिकी नंबर 275/2026 दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता