29 जुलाई को मनाई जाएगी गुरु पूर्णिमा, जरूरतमंदों को दान देने का करें संकल्प
जम्मू, 26 जुलाई (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं प्रधान ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा (व्यास पूर्णिमा) का पर्व 29 जुलाई को मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आषाढ़ पूर्णिमा तिथि 28 जुलाई की शाम 6:19 बजे शुरू होकर 29 जुलाई की रात 8:06 बजे तक रहेगी। सूर्योदय व्यापिनी पूर्णिमा होने के कारण व्यास पूजा तथा दिवा एवं रात्रि पूर्णिमा व्रत 29 जुलाई को ही रखा जाएगा।
महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है जो गुरु और शिष्य की परंपरा तथा ज्ञान के महत्व का प्रतीक है। इस दिन महर्षि वेदव्यास की जयंती भी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने गुरुजनों का पूजन कर उनका आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। यदि प्रत्यक्ष दर्शन संभव न हों तो घर पर ही गुरु का स्मरण एवं पूजन करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर भगवान श्रीगणेश, भगवान शिव, माता पार्वती, मां शारदा, भगवान श्रीसत्यनारायण, चंद्रदेव तथा माता-पिता का पूजन करना शुभ माना जाता है। साथ ही श्रीसत्यनारायण कथा का श्रवण एवं पूजन भी विशेष फलदायी होता है। महंत रोहित शास्त्री ने श्रद्धालुओं से अपील की कि गुरु पूर्णिमा के दिन यदि तीर्थ स्नान संभव न हो तो स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान करें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद लोगों को दान अवश्य दें। उन्होंने कहा कि सेवा और दान की भावना से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा आध्यात्मिक संतोष की प्राप्ति होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा