गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी गुरुपर्व पर 16 जून को कठुआ में गुरमत समागम, संगत से भाग लेने की अपील

 

कठुआ, 15 जून (हि.स.)। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कठुआ द्वारा गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा सिंह सभा कठुआ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान कमेटी ने आगामी धार्मिक कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।

डीजीपीसी कठुआ द्वारा 16 जून 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक गुरुद्वारा सिंह सभा मेन बाजार कठुआ में एक भव्य गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। समागम के अंतर्गत कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा जिसमें दरबार साहिब अमृतसर से पधारे भाई बलविंदर सिंह हजूरी रागी द्वारा गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही जालंधर से आए भाई रणजीत सिंह प्रचारक गुरु अर्जुन देव जी की शहादत पर विशेष व्याख्यान देंगे जिसमें उनके जीवन त्याग और बलिदान पर प्रकाश डाला जाएगा। समागम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे जल की व्यवस्था हेतु शबील भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर अंतिम अरदास के पश्चात गुरु का लंगर सभी संगत के लिए वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर सरदार परवीन सिंह और सरदार चरणजीत सिंह ने जिला कठुआ की समस्त संगत से अपील की कि वे इस पवित्र शहीदी समागम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया