कठुआ के पंडोरी में युवक की संदिग्ध मौत पर गुर्जर समुदाय में रोष
कठुआ, 21 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ जिले के नगरी तहसील के पास पंडोरी क्षेत्र में उस वक्त मातम पसर गया जब गुर्जर समुदाय के एक युवक अबुद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के पिता मिनिया दीन ने बताया कि उनके बेटे को बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए धोखे से बुलाया गया जहां उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पहले भी उन्हें और उनके अन्य बेटों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुके हैं। परिजनों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, वे शव को नहीं लेंगे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करेंगे।
घटना की सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जीएमसी कठुआ में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी ऐसे में इस वारदात के पीछे का कारण समझ से परे है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया