बिश्नाह में पोते ने दादी पर किया तेजधार हथियार से हमला, गले पर गंभीर चोट
जम्मू, 10 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू के बिश्नाह इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां एक युवक ने अपनी दादी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला के गले पर गंभीर चोट लगी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मन्नू नामक युवक ने अपनी दादी लाजवंती निवासी बिश्नाह पर तेजधार हथियार से हमला किया। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए उपजिला अस्पताल बिश्नाह पहुंचाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हमले के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही हमले के कारणों और घटना की पूरी परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता