हीरानगर उप जिला अस्पताल में योग 365 अभियान के तहत भव्य योग शिविर का आयोजन

 


कठुआ, 19 जून (हि.स.)। निदेशक आयुष विभाग जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश डॉ. अजय टिक्कू एवं जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा के निर्देशानुसार जिला आयुष अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा के नेतृत्व में योग 365 अभियान के अंतर्गत उप जिला अस्पताल हीरानगर में एक प्रभावशाली योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें आयुष विभाग की ओर से डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. सोनम वर्मा, फार्मासिस्ट अश्विनी कुमार तथा योग प्रशिक्षक बलविंदर और आदिती विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. साक्षी शर्मा और डॉ. सोनम वर्मा ने योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। शिविर में योग के सामान्य न्यूनतम प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया जिसमें उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अस्पताल प्रशासन की ओर से डॉ. गुरु शर्मा, सुशांत शर्मा, दविंदर सिंह (सीएचओ), राजेश बाला, डॉ. मुकेश, राकेश रैना, गीतांजलि शर्मा सहित आशा वर्कर्स ने भी योग सत्र में भाग लेकर योग के लाभों का अनुभव किया। इस आयोजन के माध्यम से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया