कठुआ में 27 जुलाई को निकलेगी भव्य संकीर्तन रैली, गौ सम्मान के लिए देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान तेज

 


कठुआ, 13 जुलाई (हि.स.)। गौ सम्मान आह्वान एवं हस्ताक्षर अभियान के दूसरे चरण के तहत 27 जुलाई को कठुआ शहर में भव्य संकीर्तन रैली निकाली जाएगी। इस रैली के माध्यम से गौ संरक्षण और गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग को लेकर जन-जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा।

अभियान से जुड़े आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम देशव्यापी स्तर पर आयोजित किया जा रहा है जिसके अंतर्गत भारत के 790 जिलों में एक ही दिन और एक ही समय पर जिलाधीशों के माध्यम से भारत के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा। इस प्रार्थना पत्र में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। कठुआ में आयोजित होने वाली संकीर्तन रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गौभक्त भाग लेंगे। रैली के दौरान भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों को गौ संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा और समाज में गौमाता के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।

आयोजकों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और गौ संरक्षण के इस राष्ट्रव्यापी प्रयास को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था से ही नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है जिसे जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन जुटाया जा रहा है, ताकि सरकार तक आम नागरिकों की भावनाएं प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया