गुरु पूर्णिमा पर जंडी बाग में विशाल धार्मिक समागम, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
हीरानगर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऑल इंडिया जंडियाल बिरादरी द्वारा बाबा सहज नाथ जी के पावन देव स्थान जंडी बाग हीरानगर में वार्षिक विशाल धार्मिक समागम एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया।
देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्थल पर पहुंचकर बाबा सहज नाथ जी के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की तथा समस्त मानवता की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। ऑल इंडिया जंडियाल बिरादरी के अध्यक्ष चमन लाल जंडियाल ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बाबा सहज नाथ जी से सभी के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। समारोह में जंगी लाल महाजन विधायक मुकेरियां, सुभाष गुप्ता पूर्व एमएलसी तथा हनी महाजन इंचार्ज युवा सेना पंजाब ने भी बाबा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का माहौल बना रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे सामाजिक एवं आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया