कठुआ में गुरु नाभादास जी महाराज के प्रकाश उत्सव पर भव्य शोभा यात्रा

 


कठुआ, 10 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ में गोस्वामी गुरु नाभा दास जी महाराज का प्रकाश उत्सव धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कठुआ शहर में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से हुई, जिसके बाद कीर्तन मंडली ने भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान गुरु जी को पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके उपदेशों पर प्रकाश डाला गया। बाद में कठुआ शहर में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस शोभा यात्रा में “जयकारों” की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। शोभा यात्रा की शुरुआत नाग नगर से शुरू हुई, जो ओल्ड बस स्टैंड, जराई चैक, मुखर्जी चैक और शहीदी चैक से होते हुए पुनः नाग नगर स्थित मंदिर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान सर्व समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिसने आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की।

डीडीसी नगरी संदीप मजोत्रा ने अपने संबोधन में श्रद्धालुओं से गुरु जी के दिखाए मार्ग भाईचारे, प्रेम और सद्भाव पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संतों की शिक्षाएं और भी अधिक प्रासंगिक हैं। इस मौके पर कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया