जम्मू में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा
जम्मू,, 16 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू शहर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र तथा देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मार्ग पर भक्तों ने भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया।
रथ यात्रा विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया। यात्रा के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं जबकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भी पर्याप्त इंतजाम किए।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की। रथ यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता