अखनूर में सिविल सोसायटी का भव्य आयोजन, विधायक मोहन लाल भगत बने मुख्य सलाहकार

 


जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। अखनूर में सिविल सोसायटी अखनूर द्वारा एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक मोहन लाल भगत ने हस्ताक्षर कर संगठन के मुख्य सलाहकार का दायित्व स्वीकार किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान शिव कुमार गुप्ता के स्वागत भाषण से हुई जबकि संस्थापक कुंवर शक्ति सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डॉ. तिलक राज गुप्ता, शिव सराफ और राकेश कुमार सुपकल को सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया।

कार्यकारी समिति में जगपाल पनोच को संयुक्त सचिव बनाया गया, जबकि जनरल बॉडी में राकेश गुप्ता, चंदन पटयार, अनिल अबरोल, नितिश अबरोल और कैप्टन जुगल गुप्ता को शामिल किया गया। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रधान द्वारका नाथ अबरोल, उप प्रधान नरिंदर लांगर, महासचिव रितेश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार, संयुक्त सचिव रंजीत गुप्ता, संयोजक अंशुल गुप्ता और वित्त सचिव पवन कुमार भारती सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक मोहन लाल भगत ने सिविल सोसायटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास नागरिक समाज के सहयोग के बिना संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे संगठन के साथ मिलकर अखनूर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी प्रधान द्वारका नाथ अबरोल ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा