सरकार सेब की फसल के लिए मौसम-आधारित फसल बीमा योजना के लिए प्रतिबद्ध, भारत सरकार की मंज़ूरी का इंतज़ार: मंत्री जावेद डार
श्रीनगर, 24 सितंबर (हि.स.)।
कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री जावेद अहमद डार ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार सेब को बीमा कवर के दायरे में लाने के लिए मौसम-आधारित फसल बीमा योजना को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विधानसभा में बोलते हुए मंत्री ने कहा कि योजना को शुरू करने के लिए सभी ज़रूरी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया था। हालांकि उन्होंने आगे कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए योजना के नियमों में बदलाव के संबंध में भारत सरकार से मिली जानकारी के कारण योजना को फिलहाल रोक दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस मकसद के लिए भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा एक सलाहकार समिति का गठन किया गया था। हमारी जानकारी के अनुसार समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। अब हम भारत सरकार से अंतिम सूचना और आगे के निर्देशों का इंतज़ार कर रहे हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही भारत सरकार संशोधित दिशानिर्देश जारी करेगी जम्मू-कश्मीर में फल उत्पादकों के फ़ायदे के लिए इस योजना को तुरंत लागू कर दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह