सरकार ने सभी विभागों में साइबर सुरक्षा को उन्नत करने के लिए निर्देश किए जारी

 

जम्मू, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बढ़ते साइबर सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने एक परिपत्र जारी किया है जिसमें सभी सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और निगमों में यूनिफाइड एंडपॉइंट मैनेजमेंट (यूईएम) और एंडपॉइंट डिटेक्शन एंड रिस्पॉन्स (ईडीआर) समाधानों के नए, उन्नत संस्करणों को लागू करना अनिवार्य किया गया है।

मौजूदा लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के कारण एनआईसी मुख्यालय ने डिजिटल कमजोरियों से निरंतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन उन्नत उपकरणों की खरीद की है।

परिपत्र में कहा गया है कि एनआईसी के साइबर सुरक्षा कर्मियों की एक समर्पित टीम जिसे साइबर वॉरियर्स के नाम से जाना जाता है चरणबद्ध तरीके से विभिन्न कार्यालयों का दौरा करके सॉफ्टवेयर स्थापित करेगी और सभी प्रशासनिक सचिवों और विभाग प्रमुखों से पूर्ण सहयोग की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता