सरकार ने पुलवामा के यारवान स्थित खू साहिब झरने के विकास के लिए 6.38 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी
श्रीनगर, 29 जुलाई (हि.स.)।
जम्मू और कश्मीर के धार्मिक और विरासत स्थलों के संरक्षण और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकार ने पुलवामा जिले के शादिमार्ग स्थित यारवान में स्थित पवित्र खू साहिब झरने के विकास के लिए 6.38 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।
इस परियोजना का उद्देश्य आवश्यक बुनियादी ढांचे को उन्नत करना और श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए सुविधाओं में सुधार करना है साथ ही स्थल के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को संरक्षित करना है।
इस पहल से तीर्थयात्रियों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने और दक्षिण कश्मीर के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में से एक के संरक्षण को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
यह मंजूरी महत्वपूर्ण पूजा और तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार और विकास में लक्षित निवेश के माध्यम से जम्मू और कश्मीर की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
गौरतलब है कि यह मंजूरी सरकार द्वारा हाल ही में शोपियां में ऐतिहासिक जामिया मस्जिद शरीफ और रामबन में पूजनीय सर्वधर चौमांडा माता मंदिर के पुनरुद्धार और जीर्णोद्धार के लिए 16.36 करोड़ की दो प्रमुख विरासत संरक्षण परियोजनाओं को मंजूरी देने के बाद दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह