सरकार जंगल राज की अनुमति नहीं देगी और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध-मुख्यमंत्री
बिजबेहरा, 14 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार जंगल राज की अनुमति नहीं देगी और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। बिजबेहरा में पत्रकारों से बात करते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण माहौल और स्थिर स्थितियों वाले एक नए चरण की शुरुआत करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग हैं जो शांति पसंद नहीं करते और इसके बजाय सांप्रदायिक अशांति और संघर्ष चाहते हैं। जब तक मेरी सरकार सत्ता में रहेगी, हम जम्मू-कश्मीर में ऐसी चीजें कभी नहीं होने देंगे। व्यक्तियों या समूहों का नाम लिए बिना अब्दुल्ला ने कहा कि कुछ तत्व मौजूदा शांति को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
मेरी सरकार कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की गिरावट को रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगी।'' मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से रामबन में हाल ही में हुई हत्या में शामिल लोगों के साथ-साथ स्थिति को बाधित करने की कोशिश करने के आरोपी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, इससे एक कड़ा संदेश जाना चाहिए कि मौजूदा सरकार इस तरह की अव्यवस्था और अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता