वेटलैंड संरक्षण पर सरकार का फोकस, वुलर झील के लिए 15,547 लाख मंजूर
जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि वेटलैंड संरक्षण के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में वुलर झील के संरक्षण और प्रबंधन के लिए 14,647 लाख रुपये यूटी कैपेक्स के तहत स्वीकृत किए गए हैं जबकि 900 लाख रुपये एनपीसीए योजना के तहत मंजूर किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि मृदा एवं जल संरक्षण कार्यों पर भी 1,073.69 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कुल 1,810 जल निकायों की पहचान की गई है, जिनमें डल झील, अंचार झील, वुलर झील, खुशाल सर और होकर्सर शामिल हैं। सरकार द्वारा वेटलैंड्स की सफाई, तटबंध निर्माण, जलमार्ग बहाली, कचरा प्रबंधन, ड्रेजिंग और जल गुणवत्ता की निगरानी जैसे कई कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही 170 वेटलैंड्स की जीआईएस मैपिंग कर उन्हें राष्ट्रीय पोर्टल पर अपलोड किया गया है जिससे संरक्षण को मजबूती मिलेगी। मंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से जम्मू-कश्मीर में जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया