सरकार ने अनंतनाग के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और उन्नयन के लिए 10.95 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को दी मंजूरी

 

श्रीनगर, 03 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने अनंतनाग जिले के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और उन्नयन के लिए 10.95 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं को मंजूरी दी है। ज़ियारत शरीफ़ खिराम के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण के लिए 5.03 करोड़ रुपये और शिव मंदिर थाजीवारा बिजबेहरा के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण के लिए 5.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य इन पूजनीय पूजा स्थलों की पवित्रता, विरासत और स्थापत्य शैली को संरक्षित करना और साथ ही आवश्यक बुनियादी ढांचे का उन्नयन करना है ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

ये स्वीकृतियां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार के जम्मू-कश्मीर में धार्मिक और विरासत स्थलों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं जिसके तहत जीर्णोद्धार, संरक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास में लक्षित निवेश किया जा रहा है।

इन स्थलों की रक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ाकर सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि आने वाली पीढ़ियां इस क्षेत्र की समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से लाभान्वित होती रहें।

हाल ही में सरकार ने जम्मू और कश्मीर में विरासत संरक्षण की कई पहलों को मंजूरी दी है। इनमें सांबा के ऐतिहासिक धरोहर स्थल पुरमंडल के जीर्णोद्धार और पुनरुद्धार, श्रीनगर के ऐतिहासिक इमामबाड़ा ज़ादिबल के संरक्षण और उन्नयन, पुलवामा के यारवान में स्थित पवित्र खू साहिब झरने के विकास और शोपियां की ऐतिहासिक जामिया मस्जिद शरीफ के जीर्णोद्धार के साथ-साथ रामबन के पूजनीय सर्वधर चौमांदा माता मंदिर का जीर्णोद्धार शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता