जीएमसी कठुआ के गैर राजपत्रित कर्मचारियों का पांचवें दिन भी प्रदर्शन, भर्ती नियम अधिसूचित करने की मांग

 


कठुआ, 20 नवंबर (हि.स.)। जीएमसी कठुआ के गैर राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों को अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ ऑल न्यू मेडिकल कॉलेज जम्मू-कश्मीर के बैनर तले कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

कर्मचारियों ने कहा कि भर्ती नियमों में लंबे समय से हो रही देरी के कारण उनकी पदोन्नति, सेवा संबंधी मामलों और भविष्य की रोजगार संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू के बयान के बाद सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने 30 सितंबर तक मॉडल भर्ती नियमों को अधिसूचित करने की घोषणा की थी लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है।

कर्मचारियों के अनुसार वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल और 100 एमबीबीएस सीटों के लिए 549 गैर राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे लेकिन वर्तमान में केवल करीब 280 कर्मचारी कार्यरत हैं। जबकि अस्पताल की क्षमता बढ़कर 600 बिस्तर और एमबीबीएस सीटें 150 हो चुकी हैं। इसके अलावा नर्सिंग, पैरामेडिकल, बीएचएमएस और पीजी पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। ऐसे में सीमित कर्मचारियों पर काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है। कर्मचारियों ने रिक्त पद भरने, संस्थान की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप नए पद सृजित करने और भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित करने की मांग की। उन्होंने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान निकालने की अपील की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और आपातकालीन, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया