जम्मू में मां बावे वाली को समर्पित भक्ति भजन 'बावे वाली दी लाडली' हुआ रिलीज

 

जम्मू,, 13 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू की प्रसिद्ध आराध्य देवी मां बावे वाली को समर्पित भक्ति भजन 'बावे वाली दी लाडली' का आज जिला उद्योग केंद्र जम्मू के कार्यालय में विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीआईसी जम्मू के महाप्रबंधक अभिषेक अबरोल और विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं संवेदना सोसाइटी के अध्यक्ष केशव चोपड़ा मौजूद रहे।

कार्यक्रम में डीआईसी जम्मू की कार्यात्मक प्रबंधक रूही खजुरिया , रूपिंदर कौर और अनुभाग अधिकारी मनोज कुमार गंडोत्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रजनी सूफी म्यूजिक द्वारा प्रस्तुत यह भक्ति भजन जम्मू-कश्मीर की समृद्ध धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित है।

इस अवसर पर जीएम डीआईसी अभिषेक अबरोल ने गायिका रजनी सूफी और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल स्थानीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।

अभिषेक अबरोल ने युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रचनात्मकता, प्रतिभा और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने वाली उपयुक्त पहलों में जिला उद्योग केंद्र की ओर से सहयोग का आश्वासन भी दिया।

संवेदना सोसाइटी के अध्यक्ष केशव चोपड़ा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रतिभाशाली गायकों, संगीतकारों और कलाकारों की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित प्रोत्साहन और पहचान दिलाने की। उन्होंने कहा कि संवेदना सोसाइटी स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए सहयोग करती रहेगी।

केशव चोपड़ा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और संगीत, खेल, उद्यमिता तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में जिला उद्योग केंद्र की भूमिका की भी सराहना की।

भक्ति भजन 'बावे वाली दी लाडली' में रजनी सूफी ने गायिका, गीतकार और संगीतकार की भूमिका निभाई है, जबकि संगीत डॉ. वी. कैथ ने दिया है। इस परियोजना की निर्माता सना हैं। पीयूष चरक ने डीओपी, मोहित सिंह ने सहायक निदेशक और आरवी रिकी ने वीडियो निदेशक की जिम्मेदारी निभाई है।

यह भक्ति प्रोजेक्ट द आरवी फिल्म्स के बैनर तले तैयार किया गया है, जबकि इसका डिजाइन कपिल क्रिएशंस ने किया है।

रजनी सूफी ने अपनी भक्ति संगीत यात्रा में सहयोग और आशीर्वाद के लिए अपने माता-पिता, सास-ससुर और गुरु उस्ताद नरेश डोगरा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर निर्भय सलाथिया, अशोक कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार, संध्या महाजन, अमित मीनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के महत्व पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता