पेंचक-सिलाट (पुरुष) अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता 2025–26 में जीजीएम साइंस कॉलेज बना ओवरऑल चैंपियन, चार स्वर्ण पदक जीते
जम्मू, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जीजीएम साइंस कॉलेज ने सत्र 2025–26 की पेंचक-सिलाट (पुरुष) अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक और कुल 35 अंकों के साथ ओवरऑल विजेता बनने का गौरव हासिल किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जम्मू क्लस्टर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की गई जिसकी मेजबानी कॉलेज परिसर में की गई। प्रतियोगिता में संबद्ध संस्थानों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुरुष वर्ग में कॉलेज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की। शैद ने 55–60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, मनीक बनमोत्रा ने 65–70 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया, अयान साहिल सिंह चाढ़क ने 85–90 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि माजिद ने 90–95 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। उल्लेखनीय है कि अयान साहिल सिंह चाढ़क पूर्व में ऑल इंडिया चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन कर चुके हैं।
महिला वर्ग में प्रिया देवी ने अंडर-45 किलोग्राम व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज की उपलब्धियों में इजाफा किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने विजेता टीम को बधाई दी और पीटीआई डॉ. देविंदर कुमार शर्मा तथा डॉ. बिलाल अहमद मल्ला के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास को विकसित करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा