एनसीसी के दो पूर्व कैडेटों की उपलब्धियों पर जीडीसी कठुआ ने किया सम्मानित

 


कठुआ, 11 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ ने 4 जेएंडके बटालियन एनसीसी के सहयोग से कॉलेज के दो पूर्व एनसीसी कैडेटों लेफ्टिनेंट रिदम महाजन और जर्निश बंद्राल को सशस्त्र बलों में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

लेफ्टिनेंट रिदम महाजन ने सीडीएस परीक्षा-2025 उत्तीर्ण कर 5 सितंबर 2026 को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई से लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। वह 2023 में कजाकिस्तान में आयोजित यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम कैंप में कॉलेज का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

वहीं जर्निश बंद्राल ने सीडीएस परीक्षा-2026 में सफलता हासिल की है और इससे पहले 2022 में नई दिल्ली में आयोजित रिपब्लिक डे कैंप में कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया था। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल ने दोनों पूर्व कैडेटों को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी से मिले अनुशासन, नेतृत्व, साहस और राष्ट्रभक्ति के संस्कार युवाओं को सशस्त्र बलों में सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) दया राम सहित कॉलेज के शिक्षकों और एनसीसी कैडेटों ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वर्तमान कैडेटों को भी उनके सफलता से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया