बिश्नाह की माइनर नहर में गंदगी और कूड़े-कचरे का अंबार
जम्मू,, 05 सितंबर (हि.स.)।
बिश्नाह कस्बे से होकर गुजरने वाली माइनर नहर इन दिनों कूड़े-कचरे और गंदगी से अटी पड़ी है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण डब्ब्ड गांव के ग्रामीणों में सिंचाई विभाग के खिलाफ नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर में जगह-जगह गंदगी और झाड़ियां जमा होने से पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है जबकि आसपास का वातावरण भी खराब हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार नहर का पानी खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो किसानों को आने वाले दिनों में परेशानी हो सकती है। लोगों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जल्द नहर की सफाई करवाने और पानी का सुचारू बहाव सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी आवाज उठाने और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता