संविधान की प्रस्तावना से मौलिक अधिकारों तक, विद्यार्थियों ने जानी संविधान की महत्ता
हीरानगर, 26 नवंबर (हि.स.)। सरकारी जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में संविधान दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग और निर्वाचन साक्षरता क्लब की ओर से संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, प्रश्नोत्तरी, विद्यार्थी संगोष्ठी और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने संविधान निर्माण, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और मतदान के अधिकार से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाई।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने विद्यार्थियों से संवैधानिक मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है ताकि उसके मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाया जा सके। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दीपांक्षा और रोनम की टीम ने प्रथम तथा जतिन और सोहानी की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थी संगोष्ठी में शावी, गौरी और अंशिका क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में चाहत, गीता और अंशिका ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर कॉलेज में अपने संविधान को जानें अभियान की शुरुआत की गई जो 26 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति निरंतर जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजय कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया