सड़क से स्कूल तक विकास-जसरोटिया ने 67 लाख के सड़क कार्य शुरू किए, हटली जोन की बदलेगी तस्वीर
कठुआ, 22 मई (हि.स.)। जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव जसरोटिया ने हटली जोन में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 67 लाख की लागत वाले सड़क सुधार कार्यों की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने दो महत्वपूर्ण सड़कों जिसमें हल्टी से बडोली (8 लाख) और त्रिडवां सड़क (12 लाख) का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जसरोटिया ने कहा कि ग्रामीण विकास की रीढ़ मजबूत सड़क संपर्क है और सरकार का लक्ष्य दूरदराज के गांवों तक हर मौसम में सुगम सड़क सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के सुधार से किसानों, छात्रों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अलावा विधायक ने संबंधित विभागों को हटली जोन में अन्य विकास कार्यों को भी तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। इनमें रसू से दुखत सड़क (20 लाख), सोवला रोड (12 लाख), लिंक रोड तलाड़ (8 लाख) तथा मिडिल स्कूल हटली में 7 लाख के बुनियादी ढांचा विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। साथ ही फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और विकास का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से लंबित कार्यों के शुरू होने पर खुशी जताई और कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान होगा तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार जैसी सुविधाओं तक पहुंच में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, विभागीय अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया