कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताज़ा बर्फबारी जारी
श्रीनगर, 13 नवंबर(हि.स.)। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी जारी रही जिससे तापमान गिर गया और सड़क संपर्क बाधित हो गया। वहीं मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई।
पिछले 24 घंटों के दौरान साधना टॉप और राजदान दर्रे में एक फुट से ज़्यादा बर्फबारी हुई जबकि सिंथन टॉप पर 8-10 इंच बर्फ जमा हो गई।
ज़ेड-गली और मार्गन टॉप पर 6-8 इंच बर्फबारी दर्ज की गई और ज़ोजिला दर्रे में 5-6 इंच ताज़ा बर्फ गिरी। पीर की गली में 5-8 इंच और बालटाल में 4-6 इंच बर्फबारी हुई। गुरेज़ घाटी में 3-5 इंच ताज़ा बर्फ गिरी जबकि सोनमर्ग में 2-3 इंच बर्फबारी दर्ज की गई। गुलमर्ग में लगभग एक सेंटीमीटर ताज़ा बर्फ गिरी।
जम्मू संभाग के डोडा और राजौरी ज़िलों के ऊंचाई वाले इलाकों में भी ताज़ा बर्फबारी की ख़बर है जिससे पूरे केंद्र शासित प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है।
इस बीच दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले को पुंछ और राजौरी जिलों से जोड़ने वाली मुगल रोड, पीर की गली में भारी बर्फबारी के कारण लगातार दूसरे दिन भी बंद रही।
बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन ने इस सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि लगातार हो रही बर्फबारी से काम में रुकावट आ सकती है। अधिकारियों ने बताया कि अगर मौसम ठीक रहा तो शुक्रवार को इस सड़क को यातायात के लिए फिर से खोला जा सकता है।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में चौकीबल-तंगधार सड़क पर भी बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शुक्रवार को ज्यादातर जगहों पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
विभाग ने 14 और 15 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। वहीं 16 से 20 नवंबर के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
इसके अलावा विभाग ने 12 और 13 नवंबर को दिन के तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आने का अनुमान लगाया है। साथ ही कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता