28 जून को कृष्णा नगर जम्मू में नि:शुल्क मेडिकल कैंप आयोजित होगा

 

जम्मू,, 25 जून (हि.स.)।

समाज कल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑल जम्मू एंड कश्मीर श्री गुरु रविदास सभा, कृष्णा नगर द्वारा 28 जून को जम्मू में एक नि:शुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। इस स्वास्थ्य शिविर में लोगों के लिए बोन डेंसिटी (हड्डियों की मजबूती) और ब्लड शुगर की नि:शुल्क जांच की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11:30 बजे सभा के मुख्यालय कृष्णा नगर, जम्मू में किया जाएगा।

सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था लंबे समय से समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यक्रम संचालित करती आ रही है। पूर्व में भी कई नि:शुल्क मेडिकल कैंप और ओपीडी सेवाओं का आयोजन किया जा चुका है। इस बार भी अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सभा ने आम जनता, विशेष रूप से बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों से इस नि:शुल्क कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। संस्था का मानना है कि समय पर स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों की पहचान और रोकथाम संभव हो सकती है।

बैठक के दौरान सभा ने शिक्षा क्षेत्र में भी नई पहल करने की घोषणा की। संस्था जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय, ऑनलाइन कक्षाओं और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की शुरुआत करने की योजना बना रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो सकें।

यह जानकारी सभा की कार्यकारिणी समिति की बैठक में दी गई, जिसकी अध्यक्षता सभा के प्रधान इंजीनियर आर.सी. भसीन ने की। बैठक में महासचिव तरसेम लोच सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता