झिड़ी मंदिर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, 325 मरीजों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

 


जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.)। संस्कृत माह के उपलक्ष्य में श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट, रायपुर (ठठर) की ओर से मढ़ विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक श्री बाबा जित्तो देवस्थान झिड़ी मंदिर परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 325 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। इस दौरान औषधीय एवं आयुर्वेदिक पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरिंदर कुमार ने किया। इस अवसर पर मंदिर के महंत जगदीश मेहता, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री, जम्मू-कश्मीर बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य आर.के. छिब्बर तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में विधायक सुरिंदर कुमार ने कहा कि ट्रस्ट संस्कृत के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं आर.के. छिब्बर ने ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों को जनसेवा की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए ट्रस्ट की कार्यशैली की सराहना की।

शिविर में डॉ. संजय शर्मा, डॉ. विद्युप्त गुप्ता तथा आयुष विभाग के चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। कार्यक्रम के समापन पर औषधीय पौधों का वितरण किया गया और लोगों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच मुलख राज शर्मा, राकेश सिंह, भुवनेश मेहता, पूर्व सरपंच राजदेव सिंह, शरद शर्मा, वेद वर्मा, अमित जामवाल, हनी सिंह, लक्की शर्मा, कुलदीप सिंह, कुलभूषण जामवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, प्रशासन और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सेवा, संस्कृत और संस्कृति के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा