कठुआ में चार दिवसीय वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान शुरू, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया शुभारंभ
कठुआ, 27 जुलाई (हि.स.)। भगवती नगर कठुआ में योगाचार्य पूज्य स्वामी राम स्वरूप जी महाराज के सान्निध्य में चार दिवसीय वैदिक यज्ञ-अनुष्ठान भक्ति और श्रद्धा के साथ प्रारंभ हो गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व वन मंत्री एवं जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया के संरक्षण में किया जा रहा है।
उद्घाटन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण, यज्ञ एवं भजन-कीर्तन में भाग लेकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। स्वामी राम स्वरूप जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि वैदिक यज्ञ मानव कल्याण, पर्यावरण संतुलन और आत्मशुद्धि का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से सनातन संस्कृति और वेदों के मूल्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने ऐसे आयोजनों को भारतीय वैदिक परंपरा के संरक्षण और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला बताया। वहीं विधायक राजीव जसरोतिया ने आयोजन को सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। चार दिवसीय यह अनुष्ठान 30 जुलाई तक चलेगा जिसमें प्रतिदिन यज्ञ, प्रवचन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया